सोमवार, 11 अक्टूबर 2010

सन्देश का प्रभाव -- व्यंग्य कविता -- कुमारेन्द्र

व्यंग्य कविता --- सन्देश का प्रभाव
------------------------------------



सड़क पर पड़े

घायल को देख कर
कतरा कर, आँखें बचाकर
निकलते लोग।
याद आता है
मानवता का संदेश
पर....
सहायता के लिए
बढ़े कदमों को,
विचारों को
रोक देते हैं
नगर के किसी
‘विशेष इमारत’ के सामने लगे
‘बोर्ड़ों’ के ‘संदेश’
‘पुलिस आपकी मित्र है’
सदैव
‘आपकी सेवा’
को तत्पर।

सोमवार, 4 अक्टूबर 2010

जमाने का चलन -- ग़ज़ल -- कुमारेन्द्र

जमाने का चलन -- ग़ज़ल



अपने दर्द को हँस कर छिपा रहे हैं।

आँखों से फिर भी आँसू आ रहे हैं।।

जिनसे निभाया न गया दोस्ती को।
वही अब हमसे दुश्मनी निभा रहे हैं।।

हाथ छलनी किये तराशने में जिन्हें।
वो पत्थर के खुदा आँखें दिखा रहे हैं।।

जोश दिल में है जमाना बदलने का।
तभी आँधियों में चिराग जला रहे हैं।।

मिला नहीं सकते जो नजरें हकीकत में।
अपने ख्वाबों में वो हमें मिटा रहे हैं।।

नहीं सुकून उन्हें हमारी खुशियों से।
प्यार के नाम पर जहर पिला रहे हैं।।

आए जो भी दिल के करीब हमारे।
जख्म पर जख्म ही दिये जा रहे हैं।।

छोड़ कर मुश्किलों में चले गये मगर।
अपने को हमारा हमसफर बता रहे हैं।।

क्या कहें जमाने के इस चलन को।
मौत से डरने वाले जीना सिखा रहे हैं।।


चित्र गूगल छवियों से साभार

ग़ज़ल -- दुनिया तो सजाओ यारो -- कुमारेन्द्र

ग़ज़ल -- दुनिया तो सजाओ यारो




ऊपर वाले की दुनिया को यूं न मिटाओ यारो।
रिश्ता इससे है कुछ तुम्हारा भी वो निभाओ यारो।।

हम न होंगे कल को मगर ये दुनिया तो होगी।
आने वालों के लिए ही ये दुनिया तो सजाओ यारो।।

कोई मन्दिर है बनाता, मस्जिद बना रहा है कोई।
पर दिलों के बीच तुम दीवार तो न बनाओ यारो।।

नफरत बढ़ा रहे हैं सभी स्वार्थ में अंधे होकर।
तुम तो इस धरती से मुहब्बत न मिटाओ यारो।।

अपने लिए तो इस जहां में सभी जी लेते हैं।
कभी औरों के लिए भी मर के दिखाओ यारो।।

दोस्ती करना आसान है पर है निभाना मुश्किल।
छोड़ कर यार को मझधार में तो न जाओ यारो।।

जिन्दगी का साथ सदा के लिए मुमकिन ही नहीं।
काम कुछ ऐसे करो कि कल को याद तो आओ यारो।।

क्या पता एक तुम ही जमाने को बदल डालो।
अपने को भलाई की राह में आगे तो लाओ यारो।।

करने को रोशन ये जहां एक चिराग ही काफी है।
उसी की खातिर तुम तूफान से तो टकराओ यारो।।

------------------------------------------------
चित्र गूगल छवियों से साभार

गुरुवार, 30 सितंबर 2010

खुशियों का इंतज़ार -- (कविता) -- कुमारेन्द्र

खुशियों का इंतज़ार -- कविता




सुबह-सुबह चिड़िया ने
चहक कर उठाया हमें,
रोज की तरह
आकर खिड़की पर
मधुर गीत सुनाया हमें।
सूरज में भी कुछ
नई सी रोशनी दिखी,
हवाओं में भी
एक अजब सी
सोंधी खुशबू मिली।
फूलों ने झूम-झूम कर
एकदूजे को गले लगाया,
गुनगुनाते हुए
पंक्षियों ने नया राग सुनाया।
हर कोना लगा
नया-नया सा,
हर मंजर दिखा
कुछ सजा-सजा सा।
इसके बाद भी
एक वीरानी सी दिखी,
अपने आपमें कुछ
तन्हाई सी लगी।
अचानक
चौंक कर उठा तो
सपने में
खुद को खड़ा पाया,
खुशनुमा हर मंजर को
अपने से जुदा पाया।
आंख मल कर
दोबारा कोशिश
उसी मंजर को पाने की,
ख्वाब में ही सही
फिर वही खुशियां
देख पाने की।


-------------------------
चित्र गूगल छवियों से साभार

मंगलवार, 28 सितंबर 2010

ग़ज़ल -- फितरत -- कुमारेन्द्र

ग़ज़ल -- फितरत




अपने शीशमहल से औरों पर पत्थर फेंकते हैं।
छिपा कालिख अपनी औरों पर कीचड़ फेंकते हैं।।

हाथ हैं सने उनके किसी गरीब के खून से।
भलाई की आड़ में लहू वो ही चूसते हैं।।

दूसरों को जिन्दा देखें उनसे होता यह नहीं।
मुँह से लोगों के वो अकसर निवाले छीनते हैं।।

दरिया का पानी उनके लिए सामान है पूजा का।
खेत वो अपने सारे मगर खून से ही सींचते हैं।।

है भरी उनके दिल में बुराई लोगों के लिए।
हरेक शख्स को शक की निगाह से देखते हैं।।

महफिलों में आयें-जायें उनकी फितरत ही नहीं।
खुशनुमा हर शाम को गमगीन बनाना सोचते हैं।।

सह रहे हैं खामोश रहकर उनके सारे सितम।
खामोशी के बाद के तूफान की राह देखते हैं।।

================================
चित्र गूगल छवियों से साभार

सोमवार, 27 सितंबर 2010

ग़ज़ल -- धूप-छाँव -- कुमारेन्द्र

ग़ज़ल -- धूप-छाँव



चारों ओर इंसान के जिन्दगी का अजब घेरा है।
चाह है जिये जाने की पर मौत का बसेरा है।।

लगा था जो कोशिश में जिन्दगी आसान बनाने में।
अब उसी को पल-पल मौत माँगते देखा है।।

जिन्दगी उसको आज करीब से छूकर निकली।
मौत के साथ खेलना तो उसका पेशा है।।

क्या पता था राहे-मंजिल इतनी कठिन होगी।
है घना अँधियारा और दूर बहुत सबेरा है।।

शाम घिरते ही भय के भूत उड़ते हैं छतों पर।
घोंसले में माँ ने बच्चों को अपने में समेटा है।।

किसी आवाज किसी दस्तक पर नहीं कोई हलचल।
लगता है सभी को किसी अनहोनी का अंदेशा है।।

मुस्कराहट के पीछे का दर्द बयां कर रही थी आँखें।
सूनी सी आँखों में एक दरिया छिपा रखा है।।

सुबह की रोशनी, रात की चाँदनी का पता नहीं।
जर्रे-जर्रे पर एक खौफनाक मुलम्मा चढ़ा है।।

अमन, चैन, प्रेम, स्नेह बातें हैं अब बीते कल की।
दहशतजदा माहौल से आज काल भी घबराया है।।

रिसते जख्म, सिसकते अश्क शोले बनेंगे एक दिन।
हर घूँट के साथ लोगों ने एक अंगारा पिया है।।


================================
चित्र गूगल छवियों से साभार

रविवार, 26 सितंबर 2010

कविता --- भावबोध --- कुमारेन्द्र

कविता == भावबोध
============




मैं
भाव-बोध में
यूं अकेला चलता गया,
एक दरिया
साथ मेरे
आत्म-बोध का बहता गया।
रास्तों के मोड़ पर
चाहा नहीं रुकना कभी,
वो सामने आकर
मेरे सफर को
यूं ही बाधित करता गया।
सोचता हूं
कौन...कब...कैसे....
ये शब्द नहीं
अपने अस्तित्व की
प्रतिच्छाया दिखी,
जिसकी अंधियारी पकड़ से
मैं किस कदर बचता गया।
भागता मैं,
दौड़ता मैं,
बस यूं ही कुछ
सोचता मैं,
छोड़कर पीछे समय को
फिर समय का इंतजार,
बचने की कोशिश में सदा
फिर-फिर यूं ही घिरता गया।
भाव-बोध गहरा गया,
चीखते सन्नाटे मिले,
आत्म-बोध की संगीति का
दामन पकड़ चलते रहे,
छोड़कर पीछे कहीं
अपने को,
अपने आपसे,
खुद को पाने के लिए
मैं
कदम-कदम बढ़ता गया।


=====================
चित्र गूगल छवियों से साभार